Central Samvad रायपुर, 07 जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में 36वीं राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर कायाकिंग-केनोईंग प्रतियोगिता के मस्कट ‘पहाड़ी मैना’ का विमोचन किया।

इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास का सशक्त आधार हैं। राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 12 से 14 जून 2026 तक नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में आयोजित होगी। प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग-केनोईंग एसोसिएशन द्वारा भारतीय कायाकिंग-केनोईंग संघ और छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के सहयोग से किया जा रहा है।कायाकिंग-केनोईंग ओलम्पिक खेलों में शामिल एक महत्वपूर्ण खेल है।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने इस खेल में राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता की मेजबानी रायपुर में होना प्रदेश के खेल क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

