उन्नत बीज, आधुनिक तकनीक और सरकारी सहयोग से बढ़ी पैदावार
Central Samvad रायपुर 7 जून समाचार
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना जशपुर जिले के किसानों के लिए आय बढ़ाने और आधुनिक खेती अपनाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के तहत किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई सुविधाएं और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिल रहा है, जिससे उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि हो रही है।

जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के किसान सुधीर लकड़ा इस बदलाव की प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आए हैं। लगभग 3.40 हेक्टेयर भूमि पर खेती करने वाले सुधीर लकड़ा ने शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक खेती को अपनाया है। कृषि विभाग की सलाह पर उन्होंने पारंपरिक धान के बजाय उन्नत मक्का उत्पादन शुरू किया।विभाग से प्राप्त 8 किलोग्राम निःशुल्क उन्नत बीज का उपयोग कर उन्होंने 0.40 हेक्टेयर क्षेत्र में मक्का की खेती की।

वैज्ञानिक पद्धति और तकनीकी मार्गदर्शन के चलते उन्हें लगभग 10 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।योजना के तहत फसल विविधीकरण, कृषि मशीनीकरण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

