
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज महानदी भवन से छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी किए। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। 12वीं की परीक्षा में बलौदाबाजार जिले के जिज्ञासु वर्मा ने टॉप किया। दूसरे नंबर पर बेमेतरा की ओमनी वर्मा और तीसरे स्थान पर रायगढ़ के कृष महंत रहे।वहीं 10वीं में महासमुंद की संध्या नायक और परीरानी प्रधान के साथ मुंगेली के अंशुल शर्मा ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया।

नतीजों के अनुसार इस साल हाई स्कूल परीक्षा में 77.15 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी परीक्षा में 83.04 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं। इसे उन्होंने राज्य की शिक्षा में सुधार का अच्छा संकेत बताया और इसका श्रेय शिक्षा विभाग, शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास को दिया।मुख्यमंत्री ने बेटियों के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताई और कहा कि प्रदेश की बेटियां लगातार शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और नए कीर्तिमान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भी मेरिट लिस्ट में जगह बनाकर यह साबित किया है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। सीमित संसाधनों के बावजूद इन विद्यार्थियों ने मेहनत और लगन से सफलता हासिल की है, जो पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग देश और प्रदेश के विकास में करें।
उन्होंने विद्यार्थियों को परिवार, समाज और प्रदेश का गौरव बताया और कहा कि उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेंगी।मुख्यमंत्री ने उन विद्यार्थियों को भी हिम्मत दी जिन्हें उम्मीद के अनुसार सफलता नहीं मिली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी निराश न हों, आत्मविश्वास बनाए रखें और लगातार प्रयास करते रहें, सफलता जरूर मिलेगी।इस मौके पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रेणु पिल्लै, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

