Central Samvad रायपुर, 05 नवम्बर 2026
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य में प्रस्तावित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और आगामी योजनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित निर्माण कार्यों की लागत का तुलनात्मक विश्लेषण स्पष्टता के साथ किया जाए, ताकि परियोजनाओं की वास्तविक लागत का आकलन हो सके। उन्होंने आगामी बजट में शामिल किए जाने वाले महत्वपूर्ण कार्यों की समय रहते पहचान करने और उनकी प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियां पहले से पूरी करने को कहा।

बैठक में कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर-कांकेर-पखांजूर मार्ग पर पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण, बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज और बिलासपुर में फ्लाईओवर निर्माण पर चर्चा हुई। इसके अलावा नगरी-कांकेर-भानुप्रतापपुर-मानपुर-राजनांदगांव-कवर्धा-फास्टरपुर-कुंडा मार्ग तथा कुम्हारी-अहिवारा-धमधा-गंडई-साल्हेवारा मार्ग के उन्नयन एवं चौड़ीकरण कार्यों की समीक्षा की गई।बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव, लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश कुमार टोप्पो, योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी विभाग के सचिव भुवनेश यादव, ऊर्जा सचिव सारांश मित्तर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

