Central Samvad, रायपुर, 12 नवंबर 2026/
छत्तीसगढ़ के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, विदेश व्यापार महानिदेशालय और आईटीपीओ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) के प्रभावी उपयोग पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।मंत्री देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और निर्यात की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश के चावल, इस्पात, फेरो-एलॉय और एल्युमिनियम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में विशेष पहचान है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष राज्य का निर्यात लगभग 18 हजार करोड़ रुपये रहा। वनोपज से तैयार उत्पादों की भी देश और विदेश में अच्छी मांग है।उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 अधिसूचित की गई है। इसके माध्यम से राज्य का निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्यातकों को मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ दिलाने के लिए मंत्री ने चार प्रमुख घोषणाएं कीं।

इनमें प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से छत्तीसगढ़ एफटीए एक्सेलेरेटर शुरू करना, दिसंबर 2026 में एफटीए मार्गदर्शिका का अंग्रेजी और जनवरी 2027 में हिंदी संस्करण जारी करना शामिल है। इसके अलावा फरवरी 2027 तक प्रदेश के सभी संभागों में एफटीए कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

निर्यातकों को मार्गदर्शन और सहायता देने के लिए 15 जनवरी 2027 से उद्योग संचालनालय में एफटीए हेल्पडेस्क भी शुरू किया जाएगा।कार्यशाला में भारत के संयुक्त अरब अमीरात, ऑस्ट्रेलिया, ओमान, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड के साथ हुए व्यापारिक समझौतों के तहत उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। तकनीकी सत्रों में मुक्त व्यापार समझौतों की उपयोगिता, निर्यात की संभावनाओं और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार बंसल, भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के संयुक्त सचिव मनीष छाबड़ा, उद्योग संचालक प्रभात मलिक तथा विदेश व्यापार महानिदेशालय के संयुक्त महानिदेशक डॉ. प्रवीण कुमार सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि और उद्यमी उपस्थित थे।

