Central Samvad रायपुर, 3 नवम्बर 2026
नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी में खगोल विज्ञान, औषधीय अनुसंधान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन तकनीक और ग्रामीण विकास से जुड़े नवाचारों की जानकारी दी जा रही है।

सूरजपुर जिले की प्रतापपुर तहसील के ग्राम मायापुर में कर्क रेखा पर एस्ट्रो साइंस सेंटर प्रस्तावित है। यहां शून्य छाया दिवस की खगोलीय घटना को समझने का अवसर मिलेगा। इस घटना में स्थानीय सौर दोपहर के समय सूर्य सिर के ठीक ऊपर होने से सीधी खड़ी वस्तु की छाया लगभग शून्य हो जाती है।

प्रदर्शनी में प्रदेश के 33 जिलों में इस घटना की संभावित तिथियों और समय की जानकारी भी दी गई है।प्रदर्शनी में रागी, कोदो और बाजरा जैसे मिलेट्स में मौजूद जैव-सक्रिय तत्वों पर चल रहे अनुसंधान को भी प्रदर्शित किया गया है। प्रारंभिक परीक्षण में इन अनाजों के अर्क में एल्कलॉइड्स, फ्लेवोनॉइड्स और फिनोलिक यौगिक सहित सात प्रकार के घटकों की मौजूदगी के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

इनके संभावित कैंसर रोधी गुणों पर वैज्ञानिक अनुसंधान जारी है।इसके अलावा बिलासपुर, कबीरधाम, धमतरी और बलरामपुर में संचालित प्रौद्योगिकी ग्राम केंद्रों की गतिविधियां दिखाई गई हैं। इन केंद्रों में किसानों और ग्रामीणों को उन्नत कृषि तकनीक, ड्रोन, रोबोटिक्स और जैविक खाद निर्माण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।प्रदर्शनी में नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई है।
वहीं एआई आधारित डीपफेक और साइबर अपराधों से बचाव तथा ड्रोन के माध्यम से नगरीय सर्वेक्षण, अवैध निर्माण की पहचान और संपत्तियों के सत्यापन की तकनीक का प्रदर्शन किया गया है। इस पहल में आईआईटी भिलाई का भी सहयोग है।

