Central Samvad, रायपुर, 20 नवंबर 2026
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस धूमधाम से मनाया गया। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और विकास की झलक देखने को मिली।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की भागीदारी हुई है। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर बस्तर की बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषण, हथकरघा वस्त्र और मिलेट उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने चित्रकोट जलप्रपात के 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक से प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।


