Central Samvad रायपुर, 10 जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में राज्य की नई सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। इस दौरान हेल्पलाइन के आधिकारिक लोगो का भी विमोचन किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक की समस्या सुनना और उसका समय पर समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान मिले जनप्रतिसाद के आधार पर इस नई व्यवस्था को विकसित किया गया है।अब प्रदेशवासी टोल फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, सुझाव दे सकेंगे और सरकारी योजनाओं व सेवाओं के बारे में फीडबैक भी दे सकेंगे। हेल्पलाइन को व्हाट्सएप से भी जोड़ा गया है, जिससे लोग आसानी से अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकेंगे।

इस प्रणाली में राज्य शासन के 42 विभागों के करीब 8 हजार अधिकारी जुड़े हैं और 1195 श्रेणियों में शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की व्यवस्था की गई है।प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी दी जाएगी, जिससे आवेदक अपनी शिकायत की स्थिति ऑनलाइन देख सकेगा। यदि समाधान से शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं होता है, तो मामला स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः जांच के लिए भेज दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने बताया कि हेल्पलाइन 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित होगी। इसकी निगरानी सचिव स्तर के अधिकारी और मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा की जाएगी।उन्होंने कहा कि यह केवल शिकायत निवारण का मंच नहीं, बल्कि जनभागीदारी को मजबूत करने का माध्यम भी है। नागरिक राज्य के विकास से जुड़े सुझाव भी इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से दे सकेंगे।कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

