Central Samvadरायपुर, 04 जुलाई 2026।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कथित चिकित्सीय लापरवाही के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेमरा स्थित डी.डी. अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और आईसीयू को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। साथ ही अस्पताल का लाइसेंस अस्थायी और सशर्त रूप से निरस्त कर दिया गया है।

यह कार्रवाई 22 जून को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल से सिम्स बिलासपुर रेफर की गई प्रसूता ज्योति सोनवानी के उपचार से जुड़े मामले की जांच के बाद की गई। परिजनों की शिकायत पर गठित स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में पाया गया कि गंभीर मरीजों के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों, एनेस्थेटिस्ट, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।
इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों से अतिरिक्त शुल्क लेने और गंभीर मरीजों के इलाज में निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने के आरोप भी सामने आए।अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था।
जांच रिपोर्ट और अस्पताल के जवाब का परीक्षण करने के बाद जिला प्रशासन ने नर्सिंग होम एक्ट एवं छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह एवं रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं अनुज्ञापन अधिनियम, 2020 के तहत कार्रवाई करते हुए ओटी और आईसीयू को सील करने तथा लाइसेंस अस्थायी रूप से निरस्त करने का आदेश जारी किया।
राज्य सरकार ने कहा है कि मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। चिकित्सीय लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के मामलों में दोषी संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

