Central Samvadरायपुर, 4 जुलाई 2026
रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र में शनिवार को सोलर पैनल लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मकान की छत पर काम कर रहे दो मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य मजदूर सुरक्षित बच गया।सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर और आशीष चंद्राकर के रूप में हुई है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीन मजदूर एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगा रहे थे। इसी दौरान पैनल या उसे उठाने में इस्तेमाल किया जा रहा उपकरण पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और तीसरे मजदूर से पूछताछ की जा रही है।
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और सभी पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

