Central Samvad रायपुर, 03 जून
दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्तरां में बुधवार सुबह लगी भीषण आग में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोगों को सुरक्षित बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों में अधिकांश अफ्रीकी मूल के नागरिक बताए जा रहे हैं।दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार आग लगने की सूचना सुबह करीब 9 बजे मिली। शुरुआती तौर पर सात दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, बाद में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के लिए 10 अतिरिक्त दमकल वाहन तैनात किए गए।
अधिकारियों के अनुसार भवन का बेसमेंट बाहर से बंद था। बचाव दल ने ताला तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। कई लोगों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों से छलांग भी लगाई।
आग की लपटें बढ़ने पर लोग ऊपरी मंजिलों से कूदकर अपनी जान बचाने को मजबूर हो गए. स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे बिछाकर उनकी मदद की और कुछ लोगों को तो स्थानीय लोगों ने अंदर जाकर रेस्क्यू भी किया
दमकल कर्मियों, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कुल 27 लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया।स्थानीय विधायक सतीश उपाध्याय ने बताया कि इमारत में कुछ विदेशी नागरिक भी ठहरे हुए थे। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच कराई जाएगी और यदि लाइसेंस या सुरक्षा नियमों में किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेस्तरां को केवल छह कमरों की अनुमति थी, जबकि वहां 25 कमरे बनाए गए थे। इस जानकारी के बाद भवन निर्माण और अनुमति प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है।

