Central Samvad रायपुर, 04 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2026 में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रदर्शनी को विभागीय प्रदर्शनियों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार मिला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्योत्सव के समापन एवं राज्य अलंकरण समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया।

विभाग की ओर से अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ और प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण कुमार पांडेय ने सम्मान प्राप्त किया।‘बदलता बस्तर-संवरता छत्तीसगढ़’ थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में वन संरक्षण, पर्यटन, वन्यजीव संरक्षण और स्थानीय लोगों की आजीविका से जुड़ी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। बस्तर में पर्यटन के बढ़ते अवसरों और सामाजिक बदलाव की तस्वीर को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया।

प्रदर्शनी में 572 देवगुड़ियों के जीर्णोद्धार, मनरेगा के तहत 21.67 लाख मानव दिवस रोजगार सृजन और कांगेर वैली में सफारी जिप्सियों के संचालन से 200 स्थानीय युवाओं को मिले रोजगार की जानकारी दी गई।वन्यजीव संरक्षण के अंतर्गत कोपरा जलाशय को प्रदेश का पहला रामसर स्थल घोषित किए जाने, बारनवापारा अभयारण्य में काले हिरणों के पुनर्व्यवस्थापन और गिद्ध संरक्षण के प्रयासों को भी प्रदर्शित किया गया।
मानव-हाथी द्वंद्व कम करने के लिए गजरथ यात्रा अभियान और गज संकेत ऐप की जानकारी दी गई। यह ऐप हाथियों की आवाजाही से संबंधित सूचनाएं ग्रामीणों तक वॉयस कॉल, एसएमएस और व्हाट्सऐप के माध्यम से पहुंचाता है।वृक्षारोपण के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और किसान वृक्ष मित्र योजना की उपलब्धियां भी प्रदर्शनी में दिखाई गईं।
डिजिटल तकनीक के माध्यम से क्यूआर कोड आधारित प्रश्नोत्तरी, इंटरैक्टिव गेम और 360 डिग्री वर्चुअल रियलिटी ने दर्शकों को आकर्षित किया। इसके अलावा बांस से बने उत्पादों, छत्तीसगढ़ हर्बल्स के वन उत्पादों और औषधीय पौधों की खेती से ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने की संभावनाओं को भी प्रस्तुत किया गया।
वन मंत्री केदार कश्यप ने इस उपलब्धि पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और वन धन केंद्रों से जुड़े सदस्यों को बधाई दी।

