
राज्यपाल रमेन डेका से लोक भवन में दुर्ग जिले के 6 वर्षीय ‘गूगल बॉय’ रुद्र शर्मा ने अपने माता-पिता के साथ मुलाकात की। अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति से रुद्र ने सभी को हैरान कर दिया।मुलाकात के दौरान रुद्र ने सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े कई सवालों के सटीक जवाब देकर अपनी प्रतिभा दिखाई। कक्षा पहली में पढ़ने वाले रुद्र को यूपीएससी और पीएससी स्तर के सवालों के जवाब भी याद हैं।राज्यपाल ने उससे छत्तीसगढ़ के गठन, राज्य की विशेषताओं और भारतीय संविधान से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका रुद्र ने बिना किसी झिझक के तुरंत सही उत्तर दिया।रुद्र की तेज याददाश्त और आत्मविश्वास से प्रभावित होकर राज्यपाल ने उसकी सराहना की। लोक भवन की ओर से रुद्र को प्रमाण पत्र भी दिया गया और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

इस मौके पर रुद्र की माता पायल शर्मा और उनके नाना विनोद शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने रुद्र की इस उपलब्धि पर खुशी जताई।

