Central Samvad रायपुर 10 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्य तथा विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म देखी।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित ऐसी फिल्में नई पीढ़ी को अपने संस्कारों और मानवीय मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है।

नीम करौली बाबा का जीवन मानव सेवा, प्रेम और भक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण है। फिल्म उनके जीवन, आध्यात्मिक यात्रा और सेवा-भक्ति के संदेश पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माताओं, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।

