Central Samvad रायपुर, 7 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 7 से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संस्कृति विभाग की ओर से प्रदेशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, ‘वंदे मातरम्’ गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।‘हर घर तिरंगा’ अभियान 9 से 17 अगस्त तक चलेगा, जबकि 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ गायन और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद सामूहिक राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का गायन होगा।अभियान के तहत जिला मुख्यालयों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शिक्षण संस्थानों में तिरंगा यात्राएं, बाइक और कार रैलियां, मशाल रैलियां तथा तिरंगा मैराथन आयोजित की जाएंगी। इनमें जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस, NCC, NSS, स्काउट-गाइड, स्व-सहायता समूह और आम नागरिक भाग लेंगे।
नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इसके अलावा तिरंगा कैनवास, तिरंगा मेले, देशभक्ति कॉन्सर्ट और ऑडियो-वीडियो बूथ भी लगाए जाएंगे।14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम और विभाजन की त्रासदी से जुड़ी प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

