Central Samvad रायपुर, 8 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के लंबे समय से प्रतीक्षित स्थानांतरण को लेकर शिक्षा विभाग ने अंतिम सूची जारी कर दी है। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार करीब 700 शिक्षकों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि विभिन्न कारणों से करीब 400 नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं किए गए।विभागीय स्तर पर तैयार प्रारंभिक सूची में करीब 1,600 शिक्षकों के नाम थे।

समीक्षा और कई स्तरों पर परीक्षण के बाद संशोधित सूची तैयार की गई। निर्धारित मापदंडों पर खरे नहीं उतरने वाले नामों को हटाने के बाद अंतिम रूप से स्वीकृत शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं।इन शिक्षकों के मामले रोके गएशिक्षा विभाग ने स्थानांतरण प्रक्रिया में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के हित को प्राथमिकता दी।
एकल शिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक, स्थानांतरण से विद्यालय के शिक्षकविहीन होने की स्थिति, युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षक, अधिसूचित क्षेत्र से गैर-अधिसूचित क्षेत्र में स्थानांतरण तथा अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में पदस्थ शिक्षकों के मामलों को अंतिम सूची में शामिल नहीं किया गया।विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शिक्षकों के स्थानांतरण से विद्यालयों में शिक्षकों की कमी न हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।आवेदन और अनुशंसाओं के आधार पर हुआ परीक्षणस्थानांतरण के लिए प्राप्त आवेदनों और विभिन्न स्तरों से मिली अनुशंसाओं के आधार पर प्रस्ताव तैयार किए गए थे।
इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रत्येक प्रकरण की जांच की गई। प्रारंभिक सूची से अंतिम सूची तक कई चरणों में परीक्षण के बाद करीब 400 नाम हटाए गए।अगले चरण में ऑनलाइन तबादले पर विचारशिक्षा विभाग अब भविष्य में शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीक आधारित बनाने पर भी विचार कर रहा है।
शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन लेने की व्यवस्था लागू करने को लेकर मंथन जारी है।ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने पर शिक्षक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे दस्तावेजों के डिजिटल प्रबंधन, आवेदन की निगरानी और समयबद्ध निराकरण में मदद मिलने की उम्मीद है।
विभाग अन्य राज्यों की ऑनलाइन स्थानांतरण व्यवस्था का भी अध्ययन कर रहा है। तकनीकी और प्रशासनिक परीक्षण के बाद इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

