Central Samvad रायपुर, 8 अगस्त 2026
डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय की आपात चिकित्सा सेवा में मरीजों की सुविधा के लिए प्रवेश और पंजीयन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था सोमवार से लागू होगी।इसके तहत ओपीडी गेट स्थित कक्ष क्रमांक 100 (सीएमओ कक्ष) से आपात मरीजों का प्रवेश और पंजीयन किया जाएगा।

यहां प्रारंभिक जांच के बाद गंभीर और तत्काल उपचार की जरूरत वाले मरीजों को बिना अनावश्यक देरी के सीधे इमरजेंसी विभाग भेजा जाएगा। इससे गंभीर मरीजों को भीड़ के बीच से गुजरने की जरूरत नहीं होगी।अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण वर्तमान प्रवेश व्यवस्था में भीड़ और स्थान की समस्या सामने आ रही थी।

मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने पूर्व की व्यवस्था को फिर से व्यवस्थित करने का निर्णय लिया है। कुछ वर्ष पहले तक आपात चिकित्सा विभाग का संचालन इसी स्थान से होता था।अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी के अनुमोदन के बाद अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर की अध्यक्षता में नई व्यवस्था को लेकर बैठक हुई।
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी में बढ़ती भीड़ और स्थानाभाव को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और विभागाध्यक्षों से चर्चा की गई।अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करना, गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराना और मरीजों एवं परिजनों की आवाजाही को सुगम बनाना है। व्यवस्था लागू होने के बाद इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी और जरूरत के अनुसार सुधार किए जाएंगे।

