Central Samvad नई दिल्ली, 16 सितंबर 2026
भारत ने अंतर्राष्ट्रीय जलक्षेत्र में भारतीय और पाकिस्तानी नौसैनिक इकाइयों के बीच हुई टक्कर को लेकर पाकिस्तान के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग के प्रभारी राजनयिक को तलब कर पाकिस्तानी नौसैनिक इकाई के आचरण पर आपत्ति जताई।

मंत्रालय के अनुसार, घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तानी नौसैनिक इकाई का आचरण अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैन्य टुकड़ियों की आवाजाही की अग्रिम सूचना से संबंधित समझौते के प्रावधानों के विपरीत है।
भारत ने पाकिस्तान से कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी सैन्य इकाइयां उचित सावधानी बरतें और दोनों देशों के बीच हुए संबंधित समझौतों का सम्मान करें।भारत ने इस्लामाबाद स्थित अपने प्रभारी राजनयिक को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इस मामले में विरोध दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

