Central Samvad रायपुर, 28 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के तीन सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कोडिंग, रोबोटिक्स और मशीन लर्निंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन जशपुर और एडु रोबोवर्स के बीच गैर-वित्तीय सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया गया है।

विद्यार्थियों को एक वर्ष तक व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा।कार्यक्रम के तहत विद्यार्थी सेंसर, मोटर और अन्य उपकरणों की मदद से स्मार्ट सिस्टम बनाना सीखेंगे। साथ ही कृषि, जल संरक्षण, वन, पर्यावरण और ऊर्जा से जुड़ी स्थानीय समस्याओं के समाधान पर आधारित प्रोजेक्ट तैयार करेंगे।प्रत्येक स्कूल में एक विशेष ट्रेनर नियुक्त किया जाएगा, जो सप्ताह में दो दिन कक्षाएं लेगा और शिक्षकों को भी प्रशिक्षण देगा।
विद्यार्थियों के कौशल, मूल्यांकन और प्रोजेक्ट का रिकॉर्ड रखने के लिए ‘स्टूडेंट टेक्नोलॉजी पासपोर्ट’ तैयार किया जाएगा। कार्यक्रम की प्रगति की मासिक रिपोर्ट जिला प्रशासन को दी जाएगी।
कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ तकनीक का व्यावहारिक अनुभव देना और उन्हें नवाचार तथा समस्या समाधान के लिए प्रेरित करना है। इससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा।

