Central Samvad रायपुर, 08 अक्टूबर 2026
जशपुर जिले में स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में नया अवसर मिलने जा रहा है। कुनकुरी विकासखंड के ग्राम कंडोरा में फिजियोथेरेपी कॉलेज शुरू करने की तैयारी की जा रही है। कॉलेज में 50 सीटों पर इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश शुरू करने की तैयारी है।

कॉलेज का प्रारंभिक संचालन करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित भवन में किया जाएगा। इससे जशपुर और आसपास के विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी जैसे व्यावसायिक स्वास्थ्य क्षेत्र की शिक्षा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी। विद्यार्थियों को सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।कंडोरा में पहले से निर्मित भवन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए शासन ने यहां फिजियोथेरेपी कॉलेज संचालित करने का निर्णय लिया है।

इससे जिले में स्वास्थ्य शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ प्रशिक्षित मानव संसाधन भी तैयार होगा।कॉलेज शुरू होने से मरीजों को भी भविष्य में लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन और विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होने से फिजियोथेरेपी उपचार सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा।
वर्तमान में फिजियोथेरेपी उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख करने वाले मरीजों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने की संभावना बढ़ेगी।कॉलेज के लिए चराईडांड के पास करीब 13 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से स्थायी हाईटेक कैंपस विकसित करने की योजना है। स्थायी परिसर तैयार होने तक कंडोरा स्थित भवन में कॉलेज का संचालन किया जाएगा।
आधुनिक कैंपस बनने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी।जशपुर में फिजियोथेरेपी कॉलेज की प्रस्तावित शुरुआत जिले में स्वास्थ्य शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

