Central Samvadरायपुर, 1 अगस्त 2026
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान को विवेक, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ जनकल्याण में उपयोग करना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में कम से कम एक ऐसा कार्य अवश्य करें, जो समाज के लिए स्थायी रूप से लाभकारी हो और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने।

रायगढ़ स्थित ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा का दौर है। ऐसे समय में उच्च शिक्षा संस्थानों की जिम्मेदारी केवल शिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें ऐसे युवा तैयार करने होंगे जो ज्ञान के साथ नेतृत्व क्षमता, अनुसंधान की सोच, संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों को भी अपनाएं।

दीक्षांत समारोह में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट और स्कूल ऑफ साइंस के कुल 688 विद्यार्थियों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधियां प्रदान की गईं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 27 विद्यार्थियों को स्वर्ण, 28 को रजत और 29 विद्यार्थियों को कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया।समारोह में सांसद नवीन जिंदल, विश्वविद्यालय की चांसलर शालू जिंदल, छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार गोयल, जिंदल स्टील रायगढ़ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर देबोज्योति रॉय तथा कुलपति डॉ. आर.डी. पाटीदार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

