Central Samvadअयोध्या, 2 सितंबर 2026
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी वायु कमान के पूर्व कमांडर और सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को अयोध्या स्थित श्री रामजन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद उनकी नियुक्ति की घोषणा की गई।
CEO के रूप में जीतेंद्र मिश्रा ट्रस्ट के प्रशासनिक कार्यों की निगरानी के साथ श्री राम मंदिर परिसर से जुड़े प्रमुख संचालन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। वे 30 अप्रैल 2026 को वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्हें अति विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। ऑपरेशन सिंदूर में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
बैठक में ट्रस्ट के तीन नए सदस्यों की नियुक्ति की भी जानकारी दी गई। इनमें अयोध्या के वरिष्ठ अधिवक्ता मदन मोहन पांडे, दिल्ली के महेश भगचंदका और शिकोहाबाद की सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. निर्मला यादव शामिल हैं।श्री राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के आरोपों के बाद CEO के चयन के लिए 6 जुलाई को तीन सदस्यीय चयन समिति गठित की गई थी।
समिति में सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावरे शामिल थे। CEO पद के लिए 5,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे।

