Central Samvad, रायपुर, 22 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल ने गेंदा फूलों की खेती को अपनी अच्छी आमदनी का जरिया बनाया है। वे 7 से 8 एकड़ में गेंदा फूलों की खेती कर सालाना लगभग 35 लाख रुपये तक की आमदनी अर्जित कर रहे हैं।

उद्यानिकी विभाग से मिले तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार की मांग के अनुसार खेती में बदलाव ने उनकी जिंदगी बदल दी है।विद्याधर पटेल के खेतों में तैयार गेंदा फूल छत्तीसगढ़ के रायगढ़, सारंगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर सहित कई जिलों में भेजे जाते हैं।

इसके अलावा ओडिशा के सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ तक फूलों की नियमित आपूर्ति होती है। सीजन के दौरान प्रतिदिन 12 से 15 वाहनों के माध्यम से फूल बाजार तक पहुंचाए जाते हैं।

किसान के अनुसार, एक एकड़ में गेंदा फूल की खेती से लगभग 5 लाख रुपये की बिक्री होती है, जबकि लागत करीब 1 से 1.5 लाख रुपये आती है। दशहरा से दीपावली तक फूलों की मांग सबसे अधिक रहती है। इस व्यवसाय से स्थानीय लोगों को भी नियमित रोजगार मिल रहा है।

पहले विद्याधर पटेल सब्जियों की खेती करते थे। रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों के दौरान गेंदा फूलों की अच्छी मांग देखकर उन्होंने इसकी व्यावसायिक खेती शुरू की। शुरुआत में फूलों की समय पर बिक्री नहीं होने से नुकसान की आशंका रहती थी। उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन से उन्होंने पॉलीबैग में पौधे तैयार करने की तकनीक अपनाई, जिससे फूलों की बिक्री के लिए बेहतर समय मिल सका।

खेतों में पाइपलाइन के साथ ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई की व्यवस्था भी की गई है।गेंदा फूलों के अलावा वे 4 से 5 एकड़ में भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी जैसी मौसमी सब्जियां भी उगाते हैं। अपनी बाड़ी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी का उत्पादन भी कर रहे हैं। फूलों और सब्जियों की खेती के जरिए उन्होंने आय के कई स्रोत विकसित किए हैं।
विद्याधर पटेल की सफलता बताती है कि नई तकनीक, मेहनत और बाजार की मांग के अनुरूप खेती करने से किसान बेहतर आमदनी और रोजगार के अवसर पैदा कर सकते हैं।

