Central Samvad 29 मई 2026
माहवारी जैसे महत्वपूर्ण विषय पर समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए कल 28मई को विश्व माहवारी दिवस के मौके पर बलरामपुर में जागरूकता गोष्ठी में सकारात्मक बदलाव का संदेश दिया।

शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को माहवारी स्वच्छता, प्रबंधन और इससे जुड़े मिथकों के बारे में वैज्ञानिक जानकारी दी गई।कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा भारत स्काउट्स एंड गाइड जिला शाखा के संयुक्त प्रयास से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

गोष्ठी में विशेषज्ञों ने बताया कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे लेकर शर्म या संकोच नहीं बल्कि जागरूकता और सही जानकारी की आवश्यकता है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने खुलकर अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस दौरान माहवारी शिक्षा, स्वच्छता, पीरियड्स-फ्रेंडली वातावरण और स्वच्छता उत्पादों तक आसान पहुंच की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही किशोर स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने कहा कि माहवारी पर खुलकर चर्चा करना केवल महिलाओं का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम ने युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सम्मानजनक और संवेदनशील सामाजिक सोच को भी बढ़ावा दिया।

