Central Samvad रायपुर 14जून
नवा रायपुर के सेंध जलाशय में आयोजित 36वीं नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप का समापन रविवार को हुआ। समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता खिलाड़ियों तथा टीमों को पुरस्कृत किया।

प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों के 810 खिलाड़ियों और लगभग 400 अधिकारियों व सहयोगी स्टाफ ने भाग लिया।उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी कयाकिंग-कैनोइंग में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार इस खेल को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

उन्होंने युवाओं से खेलों में अधिक भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि खेल आत्मविश्वास, अनुशासन और सफलता का महत्वपूर्ण माध्यम है।

समापन समारोह में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल अब बेहतर करियर का माध्यम बन चुका है और सरकार खेल सुविधाओं तथा अधोसंरचना को लगातार मजबूत कर रही है।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश ओवरऑल चैंपियन रहा, जबकि केरल दूसरे और ओड़िशा तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में जूनियर और सब-जूनियर वर्ग में कयाकिंग एवं कैनोइंग की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं।


