
Central Samvad रायपुर 12मई।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी National Testing Agency (NTA) ने 3 मई को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। यह परीक्षा देशभर में स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की गई थी।
इस समाचार के बाद छात्रों में निराशा और नाराज़गी देखी जा रही है।
एनटीए ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी देते हुए कहा कि छात्रों के हित और राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
एजेंसी ने बताया कि पेपर लीक के आरोपों की व्यापक जांच के लिए केंद्र सरकार ने मामले को CBI को सौंपने का निर्णय लिया है।
एनटीए ने कहा कि वह जांच एजेंसी को पूरा सहयोग प्रदान करेगा तथा जांच से संबंधित सभी दस्तावेज, रिकॉर्ड और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
एजेंसी के अनुसार, केंद्रीय एजेंसियों और कानून प्रवर्तन संस्थाओं से प्राप्त इनपुट एवं जांच निष्कर्षों की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया गया।
एनटीए ने स्पष्ट किया कि NEET (UG) 2026 परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, जिसकी नई तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी।
एजेंसी ने यह भी बताया कि मई 2026 परीक्षा चक्र के दौरान किए गए रजिस्ट्रेशन, अभ्यर्थियों की जानकारी और चयनित परीक्षा केंद्र यथावत रहेंगे तथा पुनर्परीक्षा में मान्य होंगे।
साथ ही, उम्मीदवारों को दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी और उनसे कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।
इधर, परीक्षा रद्द होने के विरोध और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर दिल्ली में शिक्षा मंत्रालय के सामने प्रदर्शन लगातार जारी है। संगठन ने मामले की पारदर्शी जांच और छात्रों के हितों की सुरक्षा की मांग की है।
उल्लेखनीय है नीट यूजी परीक्षा के चार दिन बाद एनटीए को कथित रूप से पेपर लीक की जानकारी मिली. इसके बाद 8 मई को एजेंसी ने मामला केंद्रीय जांच एजेंसी को सौंप दिया गया।

