
Central Samvad रायपुर 12 मई
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम धुरकोट में तरबूज खाने के बाद एक बच्चे की मौत और 3 अन्य बच्चों के बीमार होने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम और संबंधित अधिकारियों को सक्रिय किया। बीमार बच्चों को जिला चिकित्सालय जांजगीर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
सिविल सर्जन एस. कुजूर के अनुसार बच्चों ने तरबूज और चिकन खाने के बाद अस्वस्थ महसूस किया। एक बच्चे की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। साथ ही मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कर विसरा सुरक्षित रखा गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
कलेक्टर के निर्देश पर मेडिकल टीम गांव में पहुंचकर परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर रही है। प्रशासन पूरे मामले की निगरानी कर रहा है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

