Central Samvad रायपुर, 14 नवंबर 2026
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में सेंटर ऑफ स्पेस एंड इंटरप्लेनेटरी एक्सप्लोरेशन (COSINE) और इनोवेशन सेल के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय NASA इंटरनेशनल स्पेस ऐप्स चैलेंज 2026 का शुभारंभ हुआ। इस 48 घंटे के वैश्विक हैकाथॉन में प्रतिभागी अंतरिक्ष विज्ञान और पृथ्वी से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों के समाधान खोजेंगे।

इस आयोजन के लिए देशभर से 450 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। इसमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से हिस्सा ले रहे हैं। एनआईटी रायपुर इस आयोजन में NASA के साथ लोकल लीड के रूप में जुड़ा है।
उद्घाटन समारोह में सीडीसी प्रमुख डॉ. समीर बाजपेयी, COSINE के मेंटर डॉ. शुभाशीष सान्याल, एनालॉग एस्ट्रोनॉट लुमेश साहू, अर्चित ओझा, फैकल्टी सदस्य और प्रतिभागी उपस्थित रहे। आयोजन COSINE प्रमुख एवं इनोवेशन सेल के फैकल्टी प्रभारी डॉ. सौरभ गुप्ता के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

डॉ. सौरभ गुप्ता ने अपने संबोधन में NASA स्पेस ऐप्स चैलेंज के अंतरराष्ट्रीय अवसरों और संस्थान में अंतरिक्ष विज्ञान की पढ़ाई एवं शोध को बढ़ावा देने की योजनाओं की जानकारी दी।लुमेश साहू ने बताया कि COSINE केंद्र क्वांटम, स्पेस हेल्थ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक क्षेत्रों में शोध को प्रोत्साहित कर रहा है। इन प्रयासों से 62 लाख रुपये से अधिक का रिसर्च ग्रांट और तीन पेटेंट प्राप्त हुए हैं।

अर्चित ओझा ने प्रतिभागियों को ऐसे तकनीकी समाधान विकसित करने की सलाह दी, जिन्हें वास्तविक जीवन में लागू किया जा सके और बड़े स्तर पर उपयोग में लाया जा सके।

वहीं डॉ. शुभाशीष सान्याल ने छात्रों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए संस्थान में नवाचार का स्थायी वातावरण विकसित करने पर जोर दिया।उन्होंने उद्यमिता, पेटेंट और स्टार्टअप से संबंधित नए प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना भी साझा की।

डॉ. समीर बाजपेयी ने कहा कि तकनीक तेजी से बदल रही है और इस बदलाव के साथ आगे बढ़ने के लिए नए कौशल सीखना जरूरी है।

उन्होंने प्रतिभागियों से ऐसे समाधान विकसित करने का आह्वान किया, जिनमें सामाजिक, पर्यावरणीय और आर्थिक पहलुओं का भी ध्यान रखा जाए।यह आयोजन युवाओं में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें वैश्विक चुनौतियों के समाधान में योगदान देने का अवसर प्रदान करेगा।

