Central Samvad, जशपुर, 15 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय एवं वंचित वर्गों की बेटियों को कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का अवसर प्रदान करेगा।कॉलेज में 120 छात्राओं को दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इनमें लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय और सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं। संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाओं और छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जहां छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिलेगा।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद छात्राओं को प्रतिष्ठित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।

इससे बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग कर्मियों की उपलब्धता बढ़ेगी।उल्लेखनीय है कि प्रचेत फाउंडेशन छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन का गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम है, जो वंचित वर्गों के युवाओं और महिलाओं के कौशल विकास के लिए कार्य कर रहा है।


