Central Samvadरायपुर, 6 अगस्त 2026
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में पोषण और बाल कल्याण को मजबूत आधार बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग में उपाध्यक्ष श्री गणेश शंकर मिश्रा की अध्यक्षता में यूनिसेफ (UNICEF) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण, एनीमिया की रोकथाम और साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण पर विस्तार से चर्चा हुई।बैठक में विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में पोषण संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए नवाचारी और व्यावहारिक उपायों पर जोर दिया गया।

उपाध्यक्ष श्री मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक बच्चे और गर्भवती महिला तक बेहतर स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं पहुंचाना राज्य की प्राथमिकता है।बैठक के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े नए नवाचारों पर भी चर्चा हुई।

विशेषज्ञों ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के लिए अब पहले की तुलना में कम खुराक में समान लाभ देने वाली नई व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुविधाजनक बनेंगी। साथ ही बच्चों और महिलाओं में एनीमिया तथा कुपोषण की समस्या के प्रभावी समाधान पर भी विचार-विमर्श किया गया।

यूनिसेफ की चीफ ऑफ फील्ड ऑफिस सीमा कुमार ने कहा कि छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर संभाग में बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में राज्य सरकार के साथ मिलकर कार्य करना यूनिसेफ की प्राथमिकता है। बैठक में पोषण, बाल कल्याण और सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन के लिए परिणाम-आधारित रणनीति तैयार करने पर सहमति बनी, ताकि राज्य में बच्चों का स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।

