Central Samvad नई दिल्ली/रायपुर, 20 जुलाई
नीट प्रश्नपत्र लीक मामले, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने आज संसद की ओर मार्च किया। संसद भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।


प्रदर्शनकारी छात्र और समर्थक संसद भवन के निकट सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग किया।

इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर नजदीकी थानों में भेजा गया।इसी दौरान सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। उनके साथ अनशन पर बैठे तीन छात्रों ने भी अनशन तोड़ दिया।

वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर संसद मार्च में शामिल होने की अनुमति मांगी और कहा कि उनका स्वास्थ्य सामान्य है।उल्लेखनीय है कि संसद के मानसून सत्र के पहले दिन क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू थी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया।

