Central Samvad नई दिल्ली/रायपुर, 20 जुलाई
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के ‘चलो संसद’ आह्वान और शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी आंदोलन के बीच आज सोमवार सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात हुई। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग रहे।

सीजेपी का दावा है कि केंद्र सरकार ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया था। वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का कहना है कि बातचीत का प्रस्ताव प्रदर्शनकारियों की ओर से आया था।सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि उन्होंने और आशुतोष रांका ने जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित लिखित ज्ञापन सौंपा।
उनके अनुसार, श्री नड्डा ने मुद्दे पर आंतरिक स्तर पर चर्चा करने और आगे बातचीत का आश्वासन दिया है।सौरव दास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जेपी नड्डा के साथ अपनी और आशुतोष रांका की तस्वीर भी साझा की।
उन्होंने कहा कि आंदोलन से बड़ी संख्या में युवा जुड़े हैं और उन्हें उम्मीद है कि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल होगी।यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब संसद के मानसून सत्र के पहले दिन ‘चलो संसद’ प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया। ऐसे में सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच संवाद की यह पहल आगे की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

