Central Samvad नई दिल्ली, रायपुर 20 जुलाई
संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया, लेकिन पहले ही दिन नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही कई बार बाधित हुई। लगातार शोर-शराबे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर तक कई बार स्थगित करनी पड़ी।

लोकसभा में प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस, समाजवादी पार्टी सहित विपक्षी दलों के सांसदों ने नीट परीक्षा पेपर लीक का मुद्दा उठाया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखने और नियमों के तहत अपनी बात रखने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहने पर कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ी।
सत्र के पहले दिन सदन ने हाल ही में दिवंगत छह पूर्व सांसदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा कतर के पूर्व अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर भी शोक व्यक्त किया गया। लोकसभा अध्यक्ष ने भारत-कतर संबंधों को मजबूत बनाने में उनके योगदान को याद किया।
राज्यसभा में भी नवनियुक्त और पुनर्नियुक्त सदस्यों को शपथ दिलाए जाने के बाद विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने नीट परीक्षा पेपर लीक का मुद्दा उठाने का प्रयास किया। सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने सदन की मर्यादा बनाए रखने की अपील की, लेकिन हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही भी कई बार स्थगित करनी पड़ी।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान उम्मीद जताई कि मानसून सत्र सकारात्मक चर्चा और जनहित के महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए उपयोगी साबित होगा।

