Central Samvad रायपुर, 17 जून 2026
छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री सेतु (PM-SETU) योजना के तहत सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को आधुनिक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। योजना के तहत आईटीआई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन तकनीक और अन्य उभरती तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी।

मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय स्टीयरिंग समिति की बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में चयनित आईटीआई को अपग्रेड करने, पुरानी मशीनों के स्थान पर आधुनिक उपकरण लगाने, स्मार्ट क्लासरूम और डिजिटल कंटेंट की सुविधा उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
बैठक में स्थानीय रोजगार अवसरों को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों की भागीदारी सुनिश्चित करने, एंकर इंडस्ट्रियल पार्टनर्स के चयन हेतु पात्रता मानदंड तय करने तथा सार्वजनिक उपक्रमों एवं उद्योगों को प्रस्ताव प्रक्रिया में शामिल करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, वित्त, श्रम, स्कूल शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित विभिन्न संस्थाओं और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

