Central Samvadरायपुर, 8 जुलाई 2026
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने अल नीनो के विभिन्न क्षेत्रों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव और उससे निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की।

प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी.के. मिश्र की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में 15 से अधिक केंद्रीय मंत्रालयों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक में डॉ. मिश्र ने निर्देश दिए कि अल नीनो की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा मानसून में कमी या देरी से प्रभावित होने वाले संवेदनशील जिलों का राज्यों के साथ समन्वय कर आकलन किया जाए।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही पशुओं के लिए पर्याप्त चारे और संवेदनशील क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।बैठक के दौरान मौसम विभाग ने जून और जुलाई में अब तक हुई वर्षा की स्थिति की जानकारी दी। कृषि मंत्रालय ने खरीफ सीजन में अल नीनो के संभावित प्रभाव से निपटने की तैयारियों की समीक्षा प्रस्तुत की।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा कृषि विज्ञान केंद्रों के लिए जोखिम प्रबंधन संबंधी मानक संचालन प्रक्रियाएं जारी की गई हैं। वहीं, संवेदनशील राज्यों में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड के दायरे को बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने लू, अधिक आर्द्रता और डेंगू जैसी बीमारियों की निगरानी के लिए राज्यों को आवश्यक सलाह जारी की है।
उपभोक्ता मामलों के विभाग ने चावल, गेहूं और दालों के खुदरा मूल्य तथा बफर स्टॉक की स्थिति की जानकारी दी। वहीं ग्रामीण विकास विभाग ने विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन के तहत एक जुलाई से शुरू किए गए कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

