Central Samvadरायपुर, 04सितंबर 2026
रायगढ़ की तीन बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला लैक्रॉस टीम ने सिंगापुर को हराकर कांस्य पदक जीता।

टीम की इस सफलता में रायगढ़ के महलोई क्षेत्र की सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर रायगढ़ लौटने के बाद तीनों खिलाड़ी अपने कोच देवावतार चौधरी के साथ कलेक्टोरेट पहुंचीं और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से मुलाकात की।
कलेक्टर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना रायगढ़ और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है।
खिलाड़ियों ने बताया कि वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी के प्रोत्साहन और जिला प्रशासन के सहयोग से उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिला।
कोच देवावतार चौधरी ने कहा कि भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अनुशासन, खेल कौशल और जुझारूपन का शानदार प्रदर्शन किया।सोनम, शांति और मानसी की इस उपलब्धि को जिले की अन्य खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
खिलाड़ियों और कोच ने सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

