Central Samvad रायपुर, 06 जून 2026
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत रायगढ़ जिला छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा अपनाने में अग्रणी बनकर उभरा है। जिले में अब तक 2,705 घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे ये परिवार बिजली बिल से लगभग मुक्त होकर ऊर्जा आत्मनिर्भर बने हैं।
इन सोलर संयंत्रों की कुल क्षमता 11,504 किलोवाट से अधिक है, जिनसे प्रतिदिन लगभग 46 हजार यूनिट और प्रतिमाह करीब 13.80 लाख यूनिट हरित बिजली का उत्पादन हो रहा है। इससे बिजली खर्च में कमी आने के साथ पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता भी घट रही है।
योजना के तहत रायगढ़ जिले में अब तक 6,701 आवेदन प्राप्त हुए हैं। केवल मई महीने में 912 नए आवेदन मिले, जबकि 411 घरों में सोलर प्लांट स्थापित किए गए। सरकार पात्र हितग्राहियों को 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी और आसान ऋण सुविधा भी उपलब्ध करा रही है।
राज्य सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना प्रदेश को स्वच्छ, हरित और ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

