Central Samvad रायपुर, 20 अक्टूबर 2026
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर रेलवे स्टेशन से रावघाट-रायपुर एवं रायपुर-कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरूद रेलखंडों का लोकार्पण किया गया। साथ ही रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला रखी गई।

ताड़ोकी से रावघाट तक रेल लाइन का निर्माण पूरा होने के साथ आजादी के बाद पहली बार रावघाट रेल नेटवर्क से जुड़ा है। लगभग 1,628 करोड़ रुपये की लागत से दल्लीराजहरा-रावघाट के बीच 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण किया गया है। इससे बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में आवागमन, व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। रावघाट तक रेल पहुंचना बस्तर के विकास की नई संभावनाओं का द्वार खोलने वाला ऐतिहासिक कदम है। इससे स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजारों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि प्रदेश में लगभग 54 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इस वर्ष छत्तीसगढ़ को 7,470 करोड़ रुपये का रेलवे बजट मिला है। वर्ष 2014 के बाद प्रदेश में 1,328 किलोमीटर नई रेल पटरियां बिछाई गई हैं। राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों का विश्वस्तरीय विकास किया जा रहा है, जिनमें आठ स्टेशन तैयार हो चुके हैं।

अभनपुर से कुरूद तक 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन पूरा हो गया है। इससे रायपुर-कुरूद रेल संपर्क मजबूत होगा। कुरूद से धमतरी तक शेष कार्य पूरा होने के बाद रायपुर से धमतरी तक रेल सेवा के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।रायपुर में बनने वाली आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी में भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल परियोजनाएं दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रूपकुमारी चौधरी, भोजराज नाग, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा सहित रेलवे के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

