Central Samvad रायपुर, 19 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ में 20 अक्टूबर को रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में ताड़ोकी–रावघाट और अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर रावघाट–रायपुर और रायपुर–कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ होगा।

साथ ही रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास किया जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुँचना बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे क्षेत्र में आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

दल्लीराजहरा से रावघाट के बीच लगभग 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण पूरा किया गया है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य पूरा होने के साथ यह परियोजना पूर्ण हुई है। इससे रावघाट क्षेत्र के लौह अयस्क परिवहन और इस्पात उद्योग को भी लाभ मिलेगा।

अभनपुर से कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन कार्य पूरा हो चुका है। नई यात्री रेल सेवाओं से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को रायपुर तक बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।

कुरूद से धमतरी के शेष रेलखंड पर काम जारी है।रायपुर में प्रस्तावित इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी में भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक आधुनिक रेल सुविधाएँ पहुँचाई जा रही हैं।
नई परियोजनाओं से छत्तीसगढ़ के विकास और बस्तर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

