Central Samvadरायपुर, 12 जुलाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है।

वे राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संघ का नवगठित राज्य बोर्ड आदिवासी समाज के उत्थान, उनके अधिकारों की रक्षा और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बस्तर सहित जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से सैकड़ों गांवों तक विकास कार्य पहुंचे हैं, जबकि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर योजना और बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए उन्हें शिक्षा, रोजगार और आर्थिक अवसरों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के अध्यक्ष प्रकाश कुमार उइके सहित विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

