Central Samvad, रायपुर, 22 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में जनजातीय समाज के महानायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए जनजातीय गौरव वाटिका विकसित की जाएगी। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने इसके लिए वन विभाग को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री केदार कश्यप मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंडका डोबरा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास संघर्ष, साहस और बलिदान से भरा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय नायकों के योगदान और गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।उन्होंने मानगढ़ नरसंहार का उल्लेख करते हुए बताया कि 17 नवंबर 1913 को संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में एकत्रित आदिवासियों पर ब्रिटिश सेना ने गोलीबारी की थी। इस घटना में लगभग 1,500 जनजातीय लोगों के शहीद होने का उल्लेख मिलता है। उन्होंने कोमाराम भीम, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी कमलापति के योगदान को भी याद किया।
मंत्री ने जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए स्कूली बच्चों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने तथा पारंपरिक मेला-मड़ई के बेहतर आयोजन और संरक्षण के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के निर्देश कलेक्टर को दिए।कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित डॉ. बुधरी ताती और डॉ. रामचंद्र गोडबोले को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान हुआ। समारोह में जनजातीय संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं और विभिन्न विभागों ने शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी लगाई।

