Central Samvad रायपुर 28 सितंबर 2026
राज्यपाल रमेन डेका ने युवाओं से अपने विचारों को नवाचार और उद्यम में बदलने का साहस रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, तकनीक और मेहनत के साथ एक अच्छा विचार सफल स्टार्टअप का रूप ले सकता है और रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकता है।

राज्यपाल इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026 के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय में स्थापित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण भी किया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि, वनोपज, खाद्य प्रसंस्करण, मिलेट, जैविक खेती, पशुपालन और जनजातीय उत्पादों के क्षेत्र में युवाओं के लिए व्यापक अवसर हैं। कृषि और जैव-प्रौद्योगिकी राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।राज्यपाल ने युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने से पहले बाजार की मांग, उत्पाद की संभावनाओं और वित्तीय जरूरतों को समझने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि स्पष्ट योजना, प्रशिक्षण, प्रबंधन क्षमता और बाजार की समझ से उद्यम को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।राज्यपाल ने युवा नवाचारी उद्यमियों के स्टॉल का भी अवलोकन किया।

कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरिश चंदेल, आईआईटी भिलाई के डायरेक्टर डॉ. राजीव प्रकाश, एनआईटी के डायरेक्टर डॉ. समीर बाजपेई सहित कृषि वैज्ञानिक, शोधकर्ता, उद्यमी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

