Central Samvadरायपुर, 24 जून 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराने के प्रयासों के तहत जशपुर जिले में सहकारी समितियों के माध्यम से रियायती दरों पर खाद और बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इससे किसानों को खेती की तैयारी में सुविधा मिल रही है और कृषि लागत में कमी आ रही है।जिले की विभिन्न सहकारी समितियों में किसानों को निर्धारित दरों पर यूरिया, डीएपी, सुपर फॉस्फेट, एनपीके, पोटाश, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी सहित विभिन्न प्रकार के उर्वरक उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

किसान बड़ी संख्या में समितियों से खाद-बीज प्राप्त कर रहे हैं और इस व्यवस्था को लाभकारी बता रहे हैं।किसानों का कहना है कि अब उन्हें खाद और बीज के लिए खुले बाजार पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। उचित मूल्य पर सामग्री मिलने से खेती का खर्च कम हुआ है और आर्थिक राहत मिली है।

जशपुर के किसान रहमान साह और सारूडीह के किसान गिरधारी यादव ने बताया कि सहकारी समितियों के माध्यम से आवश्यक कृषि सामग्री आसानी से उपलब्ध हो रही है, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है।जिला प्रशासन और कृषि विभाग किसानों को खाद-बीज के साथ कृषि ऋण, तकनीकी मार्गदर्शन और विभिन्न योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध करा रहे हैं।

इससे खरीफ सीजन की तैयारियां सुचारू रूप से चल रही हैं और किसानों को समय पर जरूरी संसाधन मिल रहे हैं।कृषि विभाग ने किसानों से अधिकृत सहकारी समितियों और पंजीकृत विक्रेताओं से ही खाद-बीज खरीदने की अपील की है ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण सामग्री और सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।

