Central Samvadनई दिल्ली, 6 सितंबर 2026
दिल्ली के सत्य निकेतन मार्केट इलाके में रविवार दोपहर एक पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इमारत में पीजी हॉस्टल संचालित था, जिसमें छात्र रह रहे थे। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।एम्स के मीडिया सेल की प्रभारी डॉ. प्रोफेसर रीमा दादा के अनुसार, ट्रॉमा सेंटर में सात लोगों को लाया गया, जिनमें दो को मृत घोषित किया गया।

हादसा मोती बाग-2 स्थित शिव मंदिर के पास हुआ।दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इमारत करीब 40 से 50 साल पुरानी थी। इसमें बेसमेंट के साथ पांच ऊपरी मंजिलें थीं और इसका इस्तेमाल पीजी हॉस्टल के रूप में किया जा रहा था।
हादसे के समय बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था।पुलिस ने बताया कि अब तक छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। मौके पर 17 एंबुलेंस तैनात हैं और राहत-बचाव अभियान जारी है। हादसे में 20 से 30 लोगों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

