Central Samvadरायपुर, 6 सितंबर 2026
भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और उल्लास से सराबोर जशपुर के रंजीता स्टेडियम में भव्य दही हांडी उत्सव का आयोजन किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल उत्सव में शामिल हुए और श्रद्धालुओं तथा गोविंदा टोलियों का उत्साहवर्धन किया। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में पूरा स्टेडियम भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा, धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। दही हांडी जैसे पारंपरिक उत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।उत्सव का मुख्य आकर्षण गोविंदा टोलियों द्वारा दही हांडी फोड़ने का रोमांचक प्रदर्शन रहा।

एक-दूसरे के कंधों पर चढ़कर गोविंदाओं ने साहस, अनुशासन, विश्वास और सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन किया। दही हांडी फूटते ही पूरा स्टेडियम जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा।मंत्री ने कहा कि दही हांडी केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि सहयोग और सामूहिक प्रयास का प्रतीक है। गोविंदाओं की टोली की तरह जब समाज एकजुट होकर किसी लक्ष्य की ओर आगे बढ़ता है, तो कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम, सद्भाव, कर्तव्य और लोककल्याण के संदेश को जीवन में अपनाकर समाज में शांति और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।रंजीता स्टेडियम में महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्सव में शामिल हुए। कृष्ण भक्ति से जुड़े गीतों और भजनों ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। मंत्री राजेश अग्रवाल ने आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों, गोविंदा टोलियों और श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

