Central Samvadरायपुर, 6 सितंबर 2026
उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को पहचानने, तराशने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर देने की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है।बिलासपुर में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए अरुण साव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के मैदान में संघर्ष और मेहनत करने वाले खिलाड़ी ही सफलता की नई ऊंचाइयों को छूते हैं।

उन्होंने कहा, “जो खेलेगा, वही खिलेगा।” उन्होंने बताया कि राज्य में बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक का आयोजन किया गया है और छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का अवसर भी मिला है। खेल अलंकरण को पुनः शुरू करने के साथ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी सरकार ने पहल की है।

अरुण साव ने बताया कि हाल ही में 29 अगस्त को खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप 1.74 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से खेलों के विकास के साथ स्पोर्ट्स साइंस और खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जाएगा।

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 845 खिलाड़ियों और 150 से अधिक ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया। चार दिवसीय प्रतियोगिता में बेसबॉल, तैराकी और वाटर पोलो की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। बिलासपुर संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3800 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर के संजय तरण पुष्कर एवं छत्तीसगढ़ स्कूल खेल मैदान में किया गया।

समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक दिलीप लहरिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

