Central Samvadबिलासपुर, 06 सितंबर 2026
राज्यपाल रमेन डेका शिक्षक दिवस के अवसर पर एसईसीएल-डीएवी पब्लिक स्कूल, वसंत विहार, बिलासपुर में आयोजित ‘द्रोणाचार्य संगम-2026’ में शामिल हुए। कार्यक्रम में शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि समय का सदुपयोग और परिश्रम सफलता की कुंजी है।

आज इंटरनेट और तकनीक का दौर है, ऐसे में बच्चों और युवाओं को तकनीक का सही उपयोग करते हुए अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कार और जीवन मूल्यों का समावेश भी जरूरी है। प्राचीन भारतीय शिक्षा व्यवस्था में गुरु विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार भी प्रदान करते थे। विद्यार्थियों को चुनौतियों से घबराए बिना निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

राज्यपाल ने देशभक्ति और संस्कारों के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों में देशभक्ति की भावना विकसित करने में परिवार और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ाने के साथ समाज को शिक्षित और जागरूक बनाने में भी योगदान देते हैं।

‘द्रोणाचार्य संगम-2026’ में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम में एसईसीएल और डीएवी के बीच शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग और साझेदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया।

इस अवसर पर संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसईसीएल के डायरेक्टर बिरंची दास, हिमांशु जैन, एसईसीएल के अधिकारी-कर्मचारी, डीएवी प्रबंधन, विभिन्न प्रोजेक्ट स्कूलों के प्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

