Central Samvad, नई दिल्ली, 11 नवंबर 2026
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि स्वच्छता का लक्ष्य केवल किसी एक संस्था के प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए प्रत्येक नागरिक, परिवार, समुदाय और शहर की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध नागरिकों के स्वास्थ्य, सामाजिक संवेदनशीलता और प्रशासनिक जवाबदेही से भी है। इसे रोजमर्रा की घरेलू आदतों में शामिल करना आवश्यक है।

नई दिल्ली में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 प्रदान करने के बाद राष्ट्रपति ने कहा कि इस वर्ष शुरू की गई स्वच्छ शहर जोड़ी पहल से शहरों के बीच सहयोग को बढ़ावा मिला है। स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहर दूसरे शहरों को भी बेहतर बनाने में मदद करें, तो इसका लाभ व्यापक होगा।
उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के सहयोग से पश्चिम बंगाल में स्वच्छ भारत टेस्ट बेड और इनोवेशन सेंटर स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य स्वच्छता के क्षेत्र में तकनीकी प्रशिक्षण और नवाचार को बढ़ावा देना है। राष्ट्रपति ने छोटे शहरों की जरूरतों के अनुरूप प्रभावी, किफायती और सुरक्षित तकनीक विकसित करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वच्छता भारतीय संस्कृति और मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है। वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत के बाद स्वच्छता एक जनआंदोलन बन गई है।
स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत अहमदाबाद को मेंटर सिटी और साणंद को मेंटी सिटी के रूप में प्रथम स्थान मिला है। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के क्षेत्र में शहरों के बीच अनुभव और बेहतर कार्यप्रणाली साझा करना है।

