Central Samvad रायपुर, 25 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एनएच-30 के मरकाटोला घाट के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। गेहूं से लदे ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी डीजे पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार 6 युवकों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं।

बताया गया कि पिकअप में सवार लोग धुमाल पार्टी के सदस्य थे और कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहे थे। टक्कर के बाद पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं और हादसे की जांच की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों के उपचार को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल रेफर किए गए सभी घायलों के समुचित एवं बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
श्री शर्मा ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि मरकाटोला घाट पर हुए सड़क हादसे में कवर्धा के लोगों के निधन की खबर अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुःखद घटना में दिवंगतजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

