दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर प्रधानमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
Central Samvad 25सितम्बर 2026
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान ही राष्ट्र निर्माण का आधार मानते थे। उन्होंने कहा कि उनका अंत्योदय का दर्शन आज भी जनकल्याण और राष्ट्र की प्रगति के लिए प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री ने लोगों से उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों को पूरा करने के संकल्प को दोहराने का आह्वान किया।

सरकार के अनुसार दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना-2.0 के तहत अक्टूबर से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 70 हजार ग्रामीण युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह केंद्र प्रायोजित योजना है, जिसके तहत गरीब ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जुड़े कौशल का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण की अवधि तीन से 12 महीने तक होती है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को मथुरा में हुआ था। वे विचारक, दार्शनिक और भारतीय जनसंघ के सह-संस्थापक थे। स्नातक की पढ़ाई के दौरान वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और बाद में प्रचारक बने। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

